लखीमपुर खीरी : ( द दस्तक 24 न्यूज ) 29 नवंबर 2025 दिन शनिवार को जिले में धान खरीद एवं उर्वरक वितरण व्यवस्था की स्थिति जानने के उद्देश्य से सीडीओ अभिषेक कुमार ने व्यापक सत्यापन अभियान संचालित कराया। उन्होंने अधिकारियों की टीम लगाकर जिलेभर के धान क्रय केंद्रों और सहकारी समितियों का फील्ड वेरिफिकेशन कराया। सीडीओ अभिषेक कुमार ने प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धारवे के साथ कृषि उत्पादन मंडी समिति, राजापुर में स्थापित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया । उन्होंने किसानों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जमीनी पड़ताल की और वहां पर मौजूद किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याएँ सुनी।निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने तौल मशीन व नमी मापक यंत्र की कार्यशीलता जांची। एक केंद्र पर डस्टर का मोटर खराब मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी जताते हुए उसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने मंडी में मौजूद किसानो से वार्तालाप की। बातचीत के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मितौली क्रय केंद्र पर खरीद की गति धीमी है जिसके कारण किसान मंडी में धान बेचने आया। इस पर सीडीओ ने मितौली क्रय केंद्र पर खरीद प्रक्रिया को तेज करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इसके बाद सीडीओ अभिषेक कुमार सीधे बी-पैक्स सहकारी समिति लखपेड़ागंज पहुंचे वहां पर उन्होंने उर्वरक वितरण की वास्तविक स्थिति जानी और अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि समिति पर उर्वरक का स्टॉक उपलब्ध है लेकिन ई-पास मशीन में स्टॉक फीड न होने के कारण वितरण प्रभावित हो रहा है। इस पर सीडीओ ने सहायक आयुक्त एवं निबंधक (सहकारिता) को तत्काल निर्देशित किया कि ई-पास मशीन में स्टॉक की फीडिंग करवाकर उर्वरक का नियमानुसार समय से वितरण सुनिश्चित कराया जाए। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी धान क्रय केंद्र नियमित समय पर खोले जाए और अधिकारी स्वयं प्रतिदिन कम-से-कम पाँच केंद्रों का भ्रमण करें। सीडीओ ने तौल प्रक्रिया में आ रही सुस्ती पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि केंद्रों पर तौल बढ़ाने हेतु पर्याप्त कार्मिक लगाए जाए जिससे तौल की गति बढ़ाई जा सके और किसानों को राहत मिल सके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बैंकों से समन्वय कर 48 घंटे के भीतर किसानों का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए। उधर जनपदीय अधिकारियों द्वारा किए गए भ्रमण में जो कमियाँ सामने आईं उन्हें लेकर भी सीडीओ गंभीर दिखे उन्होंने एआर कॉपरेटिव से तत्काल विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की।
लखीमपुर खीरी : सीडीओ अभिषेक कुमार ने धान क्रय केंद्रों व सहकारी समितियों का किया औचक निरीक्षण
