लखीमपुर खीरी : अज्ञात वाहन की टक्कर से गोवंश की मौत

लखीमपुर खीरी :: (द दस्तक 24 न्यूज) गोला देहात क्षेत्र के भुसौरिया चौराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गोवंश की मौत हो गई। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता को दी। सूचना मिलते ही अनूप गुप्ता तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर उन्होंने सड़क किनारे मृत गोवंश को देखकर तत्काल इसकी सूचना खंड विकास अधिकारी, गोला-कुंभी को दी। खंड विकास अधिकारी के निर्देश पर मृत गोवंश का नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया गया। भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में आवारा गोवंश सड़कों पर घूमते दिखाई देते हैं। इसके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में गोवंश की मृत्यु हो रही है और वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि गोला देहात क्षेत्र में गौशाला न होने के कारण समस्या और गंभीर बनी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ से मांग की कि गोला देहात क्षेत्र में शीघ्र गौशाला का संचालन कराया जाए ताकि सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी मांग की कि गोवंश संरक्षण से संबंधित नगर एवं ब्लॉक क्षेत्रों में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए ताकि गोवंश को सड़कों पर भटकने से रोका जा सके और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Comment