लखीमपुर खीरी : भूजल संरक्षण सप्ताह के तहत सीएचसी मितौली में जागरूकता संगोष्ठी का हुआ आयोजन

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) मुख्य चिकित्सा अधिकारी खीरी के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मितौली में भूजल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लालजी पासी की अध्यक्षता में जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. लालजी पासी ने कहा कि जल है तो कल है केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए वर्षा जल संचयन, जल का विवेकपूर्ण एवं मितव्ययी उपयोग तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान करते हुए कहा कि जल बचाने की आदत को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भूजल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा जल के प्रत्येक स्रोत की सुरक्षा एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में जल संरक्षण के प्रभावी उपाय अपनाने तथा समाज में इसके प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
संगोष्ठी का उद्देश्य लोगों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भूजल स्तर को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।

Leave a Comment