गोला गोकर्णनाथ – आज स्थानीय विद्यालय वि०कु०स्मा० सरस्वती विद्या निकेतन इण्टर कॉलेज गोला गोकर्णनाथ खीरी में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने शारीरिक शिक्षक श्री महेन्द्र नाथ पाठक के निर्देशन में योग कर लोगो को योग करने के लिए प्रेरित किया। शारीरिक शिक्षक महेन्द्रनाथ पाठक ने ॐ ध्वनि एवं गायत्री मन्त्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।योग कार्यक्रम में सूक्ष्म व्यायाम,भस्त्रिका प्राणायाम,कपालभाति प्राणायाम,अनुलोम-विलोम प्राणायाम,वाह्य प्राणायाम,उज्जायी प्राणायाम, कर्णरोगान्तक प्राणायाम,पद्मासन,भुजंगासन,शलभासन,उत्तानपादासन, शशकासन,वज्रासन,सुप्तवज्रासन,चक्रासन,मकरासन,ताड़ासन,वृक्षासन, सिंहासन,हास्यासन,सूर्यनमस्कार,शवासन आदि आसन किये गए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का समापन कल्याणमंत्र एवं शांतिपाठ के साथ हुआ। इस वर्ष योग दिवस की थीम एक पृथ्वी,एक स्वास्थ्य रखी गई।अपने उदबोधन में श्री महेन्द्रनाथ पाठक ने बताया कि योग सदियों से स्वस्थ और आरोग्य जीवन पद्धति वाली भारतीय परंपरा का अभिन्न अंग रहा है। नियमित योगाभ्यास शरीर,मन और विचारों को विकारों से मुक्त बनाता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री महेन्द्र कुमार त्रिपाठी एवं बालिका विभाग की प्राचार्या श्रीमती मधु त्रिपाठी ने बताया कि नियमित योग अभ्यास न सिर्फ शरीर को बल्कि मन को भी शांत और एकाग्रचित करता है तथा श्वसन क्रिया हृदय स्वास्थ्य में सुधार,रक्तचाप कम करने,लचीलापन बढ़ाने और मांसपेशियों की ताकत बढ़ाने के लिए लाभकारी है।कार्यक्रम का समापन खिचड़ी भोज के साथ हुआ।
संवाददाता – अनुज कुमार गुप्ता
