फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मार्च 2026 जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नगला हूसा स्थित कुठला झील को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹241.90 लाख निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आज प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ईको टूरिज्म के विकास में प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि झील क्षेत्र का विकास इस प्रकार किया जाए कि पर्यटकों को आकर्षक, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके, साथ ही स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे। उन्होंने परियोजना में पाथ-वे, बैठने की व्यवस्था, आकर्षक प्रवेश द्वार, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
