कासगंज: जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जनपद के जन प्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी प्रणय सिंह के साथ जलभराव व कटान प्रभावित क्षेत्रों का किया भ्रमण

कासगंज 17 अगस्त। मंत्री, जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग) श्री स्वतन्त्र देव सिंह ने तहसील पटियाली के ग्राम नगला हंसी में पहुंच कर जलभराव व कटान से प्रभावित लोगों के साथ संवाद करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना। मा. मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार व प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ जी बाढ़ को लेकर अत्यन्त संवेदनशील हैं। प्रदेश के बाढ़ से प्रभावित जिलों के माननीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि सभी एहतियाती कदम उठायें जायें तथा बाढ़ पीड़ितों की हर संभव सहायता प्रदान की जायें। पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
गांव के लोगों ने माननीय मंत्री जी से कहा की नगला हंसी से राजेपुर कुर्रा तक बांध लगाने का कार्य किया जाए माननीय मंत्री जी ने आश्वासन दिया है अवश्य आपकी मांग को पूरा किया जाएगा।
मा. मंत्री जी ने कहा पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि आपदा के दौरान प्रदेश सरकार, शासन व प्रशासन आपके साथ है। उन्होंने कहा कि दैवीय आपदा के दौरान राहत व बचाव के कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आयेगी।
मा.जल शक्ति मंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में जल स्तर कम हो गया है ऐसे ग्रामों की पर्याप्त साफ-सफाई कराकर वहां पर फागिंग के साथ-साथ एण्टीलार्वा का छिड़काव करा दिया जाय।
प्रभावित क्षेत्रों में मानव व पशुओं के चिकित्सा के लिए माकूल बन्दोबस्त किये जायें। बाढ़ के उपरान्त किसी भी क्षेत्र में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सभी एहतियाती उपाय करें। प्रभावित क्षेत्रों में बुखार, डायरिया आदि बीमारियों की दवाओं की किट का वितरण सुनिश्चित कराया जाये तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं क्षेत्र की जनता को उपलब्ध करायी जायें। श्री सिंह ने कहा कि जल भराव के कारण प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त हुए सम्पर्क मार्गों का दुरूस्तीकरण करा दिया जाये ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भ्रमण के दौरान जलशक्ति मंत्री ने पूर्व में कराये गये कटानरोधी कार्यों का निरीक्षण करते हुए ग्रामवासियों से फीड बैक प्राप्त किया।
जल शक्ति मंत्री ने माननीय जन प्रतिनिधियों के साथ बाढ़ व कटान प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न किट का वितरण भी किया।
इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद रजनीकांत महेश्वरी, भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा केपी सिंह सोलंकी, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी सचिन अपर जिला अधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह,उप जिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल अन्य क्षेत्रीय गणमान्य एवं संभ्रान्तजन तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।