कासगंज, 07 सितंबर 2026। मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित स्वच्छता संबंधी कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति एवं प्रथम/द्वितीय किस्त के भुगतान, व्यक्तिगत शौचालयों के लंबित आवेदनों तथा आरआरसी के संचालन की समीक्षा की गई। इसके साथ ही बायोगैस प्लांट की क्रियाशीलता, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की क्रियाशीलता एवं निर्माण तथा सामुदायिक शौचालयों की क्रियाशीलता की स्थिति की जानकारी ली गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित कार्यों में तेजी लाते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने व्यक्तिगत शौचालयों से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा सामुदायिक शौचालयों एवं आरआरसी का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता संबंधी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ-साथ गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए।
बैठक में जिला परियोजना निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कासगंज: जिला स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण बैठक की समिति में स्वच्छता कार्यों की हुई समीक्षा
