कासगंज :पीएम स्वनिधि विशेष अभियान 1जून से 30जून तक

01 जून से 30 जून तक चलेगा पीएम स्वनिधि विशेष अभियान, स्ट्रीट वेंडर्स को योजनाओं से जोड़ने पर रहेगा फोकस।

जनपद स्तर पर स्वनिधि महोत्सव, नगर निकायों में लोक कल्याण मेले एवं सेंसस टाउन में स्वनिधि कैंप होंगे आयोजित।

कासगंज, 01 जून 2026। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत 01 जून से 30 जून 2026 तक जनपद में एक माह का विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शहरी पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही उन्हें विभिन्न सामाजिक एवं कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाता है। योजना की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शासन द्वारा 01 जून से 30 जून 2026 तक विशेष अभियान संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के अंतर्गत तीन स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

  1. जनपद स्तर पर “स्वनिधि महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पीएम स्वनिधि लाभार्थियों एवं उनके परिवारों की सफलता की कहानियों को साझा किया जाएगा तथा योजना के प्रति व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न की जाएगी। 2. नगर निकाय स्तर पर “लोक कल्याण मेले” आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ऋण वितरण, क्रेडिट कार्ड सुविधा, डिजिटल सशक्तिकरण, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा बैंकर्स एवं स्ट्रीट वेंडर्स के बीच संवाद स्थापित करने जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। 3. सेंसस टाउन स्तर पर “स्वनिधि कैंप” लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से पात्र स्ट्रीट वेंडर्स की पहचान कर उन्हें योजना में सम्मिलित कराया जाएगा तथा अधिक से अधिक लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं नगर निकायों को अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को योजनाओं से जोड़ने एवं उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Comment