जनपद में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं, बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनपद में विधिध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मा.राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम ने दीप प्रज्वलित कर व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी महिलाओं व बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी तथा संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाएं मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल कर सकती हैं कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं है निरंतर प्रयास से प्रत्येक लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है उन्होंने बालकों द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों एवं शिक्षकों द्वारा बनाए गए रंगोली की प्रशंसा की उन्होंने समाज की महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि अपनी बेटियों को पढ़ाएं जरूर, क्योंकि एक पढ़ी-लिखी महिला ही अपने बच्चों का बेहतर भविष्य बना सकती है। हम सभी महिलाएं एक दूसरे को इज्जत दें, समस्याएं व चुनौतियां सभी के जीवन में आती हैं हम उन चुनौतियों को किस प्रकार स्वीकार करते हुए आगे बढ़ते हैं यह हमारी खुद की सोच पर निर्भर करता है हम अपने अंदर के डर को निकाल कर आगे बढ़े, अनावश्यक बातों को इग्नोर करते हुए सकारात्मक सोच के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ें संघर्ष सभी के जीवन में होता है हमें संघर्षों से लड़ते हुए आगे बढ़ना चाहिए साथ ही उन्होंने कहा कि नन्ही चींटी जब दाना लेकर चलती है चढ़ती दीवार पर सौ बार फिसलती है मन का विश्वास रगों में साहस भरता है चढ़कर गिरना गिरकर चढ़ना न अखरता है आखिर उसकी मेहनत बेकार नहीं होती कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने कहा जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता विराजमान होते हैं। उन्होंने कहा बहुत गर्व का दिन है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई एवं अन्य विद्यालय की छात्राओं द्वारा घरेलू हिंसा, मार्शल आर्ट जैसे अन्य नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिला जज,मुख्य विकास अधिकारी सचिन,अपर जिला अधिकारी राकेश कुमार पटेल, उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे।