- दिव्यांग के लिए स्मार्ट हेंडीकेप्ट चेयर, व आर्मर ड्रोन रहे आकर्षण
- 192 बाल वैज्ञानिकों ने 140 विज्ञान मॉडल प्रस्तुत कर दिखाई प्रतिभा
- जिला विज्ञान क्लब ने आयोजित की जनपदीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता
कासगंज। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उ0प्र0 शासन के निर्देशन में श्री गणेश इण्टर कॉलेज में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया। जिसमें 192 बाल वैज्ञानिकों ने 140 विज्ञान मॉडलों की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता का आयोजन जिला विज्ञान क्लब के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएलसी रजनीकान्त माहेश्वरी, कार्यक्रम अध्यक्ष जिलाधिकारी प्रणय सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, सीडीओ सचिन द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यापर्ण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज एवं श्री गणेश इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान की मनमोहक प्रस्तुति दी। इससे पूर्व सभी अतिथियों को चौधरी दाताराम सिंह इंटर कॉलेज अलीपुर बरवारा के छात्र-छात्राओं द्वारा घोष बैंड एवं एनसीसी कैडेट्स की सलामी के साथ मंच तक ले जाया गया।
सभी अतिथियों का डीआईओएस डॉ इंद्रजीत, कार्यक्रम संयोजक डॉ. जयन्त कुमार गुप्ता एवं प्रधानाचार्य एचपीएन दुबे ने बुके, माला, शॉल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह, एमएलसी रजनीकांत महेश्वरी एवं अन्य आगंतुक अतिथियों ने विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जिलाधिकारी द्वारा विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडलों की काफी सराहना की गई,उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी से नए नवाचार और आइडिया मिलते हैं और इन्हें अन्य लोगों के साथ साझा किया जाता है। अच्छे मॉडल्स को जनहित के लिए क्रियाकारी मशीनों में बदलकर उनका इस्तेमाल कर सकते हैं।
एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि एक विद्यार्थी द्वारा प्रदर्शनी में जो स्वदेशी वस्तुओं का मॉडल दर्शाया गया है उसे निश्चायी निश्चित ही यह प्रतीत होता है, कि मा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी का जो संकल्प है उसे यह मॉडल सार्थक बनाने का प्रयास करेगा।
राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने जो एक्सीडेंट प्रीवेंशन सिस्टम,स्मार्ट अलार्म सिस्टम फॉर ह्यूमन सेफ्टी, गरुण ड्रोन, आर्मर ड्रोन, रिन्यूबल सोलर एनर्जी, हाईड्रो पावर प्लांट, मॉडीफाइड रेलवे क्रासिंग गेट, बायो एनर्जी, मल्टीपरपज रोबोटिक व्हीकल आदि के मॉडल प्रस्तुत किए हैं वह काफी सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि जिला विज्ञान क्लब जनपद में विद्यार्थियों एवं जनमानस के मध्य वैज्ञानिक गतिविधियों से वैज्ञानिक सोच और विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ाने के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन नोडल समन्वयक राजबहादुर ने किया।
जिला विज्ञान क्लब समन्वयक डॉ. जयन्त कुमार गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर संजीव कुमार, प्रधानाचार्य एचपीएन दुबे, कैप्टन आलोक कुमार दुबे, डी एस पाल,सह समन्वयक अभिषेक पांडे, अनुभव पाठक, दीपक मिश्रा,मदन राजपूत सुदेश वर्मा, राजकुमार कुशवाहा, डॉ सरिता शर्मा, दीपराज माहेश्वरी, डॉ. बीपी मौर्या, डॉ राजकुमार वर्मा, विमल कुमार सिंह, वेद प्रकाश, मनोज यादव, जितेंद्र सिंह पाल,अजय माहेश्वरी एवं जनपद के विज्ञान शिक्षक एवं शिक्षकाएं आदि मौजूद रहे।
a
