15 अगस्त तक बढ़ा एनसीएससी पंजीकरण
- हर विद्यालय से पांच समूह भेजने के निर्देश
- वर्चुअल बैठक में विज्ञान शिक्षकों को दिए गए दिशा-निर्देश
- बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी पर जोर
कासगंज।
जिले में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) के पंजीकरण अभियान को गति देने के लिए आयोजित वर्चुअल बैठक में अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ाने की जानकारी दी गई। साथ ही बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत आयोजित वर्चुअल बैठक में राज्य समन्वयक दीपक शर्मा और इंडियन साइंस एजेंसी, लखनऊ के संयोजक बीपी सिंह ने प्रतिभाग किया। उन्होंने 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए शिक्षकों से नवाचार आधारित परियोजनाएं तैयार कराने का आह्वान किया। जिला समन्वयक डॉ. जयन्त कुमार गुप्ता ने बताया कि बैठक में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई।
जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार ने सभी माध्यमिक विद्यालयों से कम से कम पांच छात्र समूहों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के शिक्षकों से भी अधिकाधिक बच्चों का पंजीकरण कराकर जिले की भागीदारी बढ़ाने को कहा गया।
