कासगंज, 6 अगस्त 2026। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति तथा जिला मिशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूमि संरक्षण अधिकारी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अति संवेदनशील लगभग 300 हेक्टेयर क्षेत्र के सापेक्ष वॉटरशेड सुधार हेतु चयनित छह परियोजनाओं तथा प्रभाव क्षेत्र उपचार से संबंधित तीन परियोजनाओं पर विचार किया गया। इसके साथ ही आर एंड आर योजना के अंतर्गत चयनित परियोजनाओं के प्रस्ताव भी समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
इसके अतिरिक्त राजकीय कृषि प्रक्षेत्र अलीगंज में उसर सुधार कार्य तथा खेत तालाब योजना के अंतर्गत सात खेत तालाबों के निर्माण के प्रस्ताव भी समिति के समक्ष रखे गए। सभी प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक का उद्देश्य जनपद में भूमि एवं जल संरक्षण कार्यों को गति देना, कृषि उत्पादकता में वृद्धि करना तथा किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना रहा।
कासगंज :मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला मिशन समिति की बैठक संपन्न
