कासगंज : संयुक्त कृषि निदेशक ने क्षेत्रीय भ्रमण कर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की

संयुक्त कृषि निदेशक अलीगढ़ मंडल श्रवण कुमार द्वारा शुक्रवार को जनपद का दौरा कर क्षेत्रीय भ्रमण एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान विकास खंड पटियाली में खरीफ 2025 के अंतर्गत किसानों के प्रक्षेत्रों पर आयोजित मक्का एवं बाजरा प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। साथ ही किसानों से कृषि निवेशों की जानकारी ली गई। योजराज सिंह, नामबती एवं गिरीश चंद्र आदि किसानों ने बताया कि प्रदर्शन हेतु निःशुल्क बीज के साथ उर्वरक एवं कीटनाशक उपलब्ध कराए गए जिसका प्रयोग उन्होंने प्रदर्शन में किया। उन्होंने बताया कि फसल अच्छी है और उत्पादन भी अच्छा प्राप्त होने की उम्मीद है। संयुक्त कृषि निदेशक ने प्रदर्शन को अधिक से अधिक किसानों दिखाने एवं उत्पादन का आकलन करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजकीय कृषि प्रक्षेत्र श्रीनगला का भी अवलोकन किया एवं भ्रमण के समय किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। किसानों को फसल अवशेष न जलाने के निर्देश दिए। लापरवाही किए जाने पर आर्थिक दंड के साथ विधिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। धान की कटाई कर रही मशीनों के मालिकों से एसएमएस लगाकर ही कटाई करने के सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ अवधेश मिश्र के साथ अन्य क्षेत्रीय कार्मिक उपस्थित रहे।