खेल निदेशालय द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में प्रदेश स्तरीय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लिए जनपदीय ट्रायल आज से फरीदनगर सोरों जी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। 15 वर्ष से कम आयु वर्ग में जूनियर बालक बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता एवं सीनियर वर्ग की पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जनपदीय ट्रायल आज 11 बजे से आयोजित होगा। ट्रायल में चयन पाने वाले खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल अगले दिन अलीगढ़ स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं सीनियर पुरुष क्रिकेट, पुरुष बॉलीबॉल एवं सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जनपदीय ट्रायल 8 अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे। उक्त जनपदीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ी विभिन्न तिथियों में मंडल स्तर पर अलीगढ़ में प्रतिभाग करेंगे। मंडल स्तर पर चयन पाने वाले खिलाड़ी प्रदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उप क्रीड़ा अधिकारी हरफूल सिंह ने बताया कि जनपदीय ट्रायल के लिए इच्छुक खिलाड़ी अपने आयु संबंधी प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की मूल प्रति के साथ छाया प्रति लाकर समय से प्रतिभाग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं
कासगंज : प्रदेश स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए जनपदीय ट्रायल आज से
