स्वास्थ्य, कल्याण और डिजिटल सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में आज जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा योग प्रतिभागिता ई-प्रमाण पत्र योजना का शुभारंभ किया गया। यह उद्घाटन समारोह योग सप्ताह 2025 के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कासगंज ने दैनिक जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल न केवल स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने वाले व्यक्तियों को मान्यता देती है, बल्कि डिजिटल माध्यम से जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित करती है। उन्होंने योग प्रतिभागिता रिकॉर्ड को डिजिटल रूप देने के प्रयासों की सराहना की।
इस योजना के अंतर्गत जनपद का कोई भी नागरिक, जो अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह 2025 के दौरान योगाभ्यास करता है, वह जनपद की ई-गवर्नेंस वेबसाइट (www.kasganjadmin.in) पर जाकर स्वघोषणा (Self-Declaration) के माध्यम से यह दर्ज कर सकता है कि उसने योग किया है। इस घोषणा के उपरांत संबंधित व्यक्ति को जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी आदि के हस्ताक्षरयुक्त ई-प्रमाण पत्र ऑनलाइन प्रदान किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान योग अभ्यास करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रतीकस्वरूप ई-प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री अंशुल माहेश्वरी ने बताया कि यह संपूर्ण ऑनलाइन कार्यक्रम ई-गवर्नेंस लैब, कासगंज द्वारा विकसित किया गया है।
योग सप्ताह 2025 के सफल आयोजन हेतु यह पहल जनसामान्य को योग के प्रति प्रेरित करने तथा डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में कासगंज प्रशासन का एक नवाचारी प्रयास है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री सचिन, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री प्रदीप कुमार मौर्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री सूर्य प्रताप सिंह, जिला समन्वयक श्री जयंत गुप्ता, एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री अंशुल माहेश्वरी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिला होम्योपेथिक चिकित्साधिकारी व क्षेत्रीय आयुर्वेदिक युनानी अधिकारी के मार्गनिर्देशन में आयुष विभाग की तरफ से 21 जून 2025 को 11 वॉ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने हेतु आज कलेक्टेªट एवं विकास भवन सभागार में प्रातःकाल योग शिविर आयोजित किया गया।इस अवसर पर समस्त विभागों के सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
