फर्रूखाबाद में बाढ़ का कहर: प्रशासन लगातार कर रहा राहत कार्य

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2025 जनपद में बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। जिले के 162 गाँव बाढ़ की चपेट में हैं। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावितों को लगातार मदद पहुंचाई जा रही है और जिलाधिकारी खुद हर दिन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने साफ निर्देश दिए हैं कि राहत वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराया जा रहा है, ताकि उन्हें उचित मुआवजा मिल सके।

अब तक प्रशासन ने

3,72,966 बाढ़ राहत खाद्यान्न किट वितरित की हैं।

प्रभावितों को प्रतिदिन पका हुआ भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में 151 नावें और 11 मोटर बोट राहत कार्य में लगी हैं।

जिले में 5 बाढ़ शरणालय संचालित हैं, जिनमें इस समय 806 लोग रह रहे हैं।

पशुओं की देखभाल पर भी प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है। अब तक 2,169 पशुओं का उपचार किया जा चुका है और उनके लिए भूसा उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 17 मेडिकल टीमों ने 450 शिविर आयोजित किए हैं, जिनमें 27,243 बाढ़ पीड़ितों का इलाज किया गया। साथ ही लोगों को क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट भी बांटे जा रहे हैं।

बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने NDRF, SDRF और फ्लड PAC की टीमें तैनात की हैं, जो राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

👉 प्रशासन का दावा है कि किसी भी बाढ़ पीड़ित को मदद से वंचित नहीं छोड़ा जाएगा और राहत कार्य निरंतर जारी रहेंगे।