कौशाम्बी/फतेहपुर। सम्यक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य तथा राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध का उत्तर प्रदेश संगठन विस्तार अभियान के दूसरे चरण का दौरा सोमवार को कौशाम्बी और फतेहपुर में आयोजित संगठनात्मक बैठकों के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। इस दौरे ने मिशन-2027 को नई ऊर्जा और गति प्रदान की।
कौशाम्बी और फतेहपुर में आयोजित बैठकों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूर्यबली सिंह, राष्ट्रीय सचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता दयाशंकर पटेल, राष्ट्रीय सचिव एवं विधानसभा प्रत्याशी अमित मौर्य सहित प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
दूसरे चरण के दौरान देवरिया, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज (यमुनापार), प्रयागराज (गंगापार), प्रयागराज महानगर, कौशाम्बी और फतेहपुर में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में सम्यक पार्टी की पूर्ण लोकतांत्रिक विचारधारा, संगठन के विस्तार तथा मिशन-2027 की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठकों को संबोधित करते हुए पार्टी नेतृत्व ने कहा कि सम्यक पार्टी देश की पूर्ण लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी है, जहाँ राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक सभी संगठनात्मक पदों पर प्रत्येक तीन वर्ष में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से चुनाव एवं परिवर्तन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समता, समानता, भ्रातृत्व तथा सुदृढ़ कानून व्यवस्था जैसे जनहित के मुद्दों को अपनी प्राथमिकता मानती है।
दौरे के दौरान प्रदेश, जिला एवं विधानसभा स्तर पर अनेक नए पदाधिकारियों की नियुक्तियाँ की गईं। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने सम्यक पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि दूसरे चरण की सफलता से संगठन को नई मजबूती मिली है और इसका सकारात्मक प्रभाव वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) प्रोफेसर राम सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य एवं उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध का तीसरे चरण का दौरा 26 जुलाई से अयोध्या से प्रारम्भ होगा। यह दौरा बाराबंकी, सीतापुर, बरेली, गौतमबुद्धनगर, मथुरा और एटा होते हुए कासगंज में सम्पन्न होगा। इसके उपरांत चौथा एवं अंतिम चरण का दौरा 7 अगस्त से 13 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।
