फर्रुखाबाद: गेस्ट हाउस के पीछे झाड़ियों में मिला युवक का शव, बिहार निवासी की हुई पहचान, हत्या की आशंका

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जून 2026 जनपद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे स्थित बरसाना गेस्ट हाउस के पीछे झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस हत्या की आशंका के दृष्टिगत जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे किनारे स्थित बरसाना गेस्ट हाउस के पीछे लगभग 200 मीटर दूर झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना डायल-112 और स्थानीय पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र करते हुए बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक मृतक ने लाल, फिरोजी और सफेद रंग की चेकदार शर्ट तथा काले रंग की लोअर पहन रखी थी। तलाशी के दौरान उसकी जेब से तंबाकू, एक फटी हुई डायरी और आधार कार्ड बरामद हुआ।

आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान बिहार राज्य के नवादा जनपद के कौवाकोल थाना क्षेत्र के ग्राम बीझो कौवाकोल निवासी 34 वर्षीय बलवीर मांझी पुत्र ब्रह्मदेव मांझी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतक के गले में गेरुआ रंग की चुनरी का फंदा बंधा हुआ था। साथ ही कान और नाक से रक्त निकलने के निशान भी पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के पहनावे से ऐसा प्रतीत होता है कि वह किसी ईंट-भट्ठे या अन्य स्थान पर मजदूरी करने आया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

उपनिरीक्षक हरीश कुमार ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, कायमगंज के कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और उसके संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Comment