फर्रुखाबाद: में लोक माता अहिल्याबाई होलकर को श्रद्धांजलि, मंत्री जयवीर सिंह ने किया माल्यार्पण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जून 2026 पुण्यश्लोक लोक माता देवी अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने लोक माता के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि लोक माता अहिल्याबाई होलकर का जीवन नारी सशक्तिकरण, सुशासन, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने अपने शासनकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्य कराए, जिनकी प्रेरणा आज भी समाज को दिशा देती है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों और महान विभूतियों की स्मृतियों को संरक्षित करना तथा उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। अहिल्याबाई होलकर के आदर्श वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके जीवनकाल में थे। उनके जीवन से सेवा, समर्पण और लोककल्याण की भावना सीखने को मिलती है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला पंचायत महासभा के जिला अध्यक्ष दयाराम पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अनिल कुमार पाल, संजू पाल तथा प्रियम पाल की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

मंत्री जयवीर सिंह ने कार्यक्रम के सूत्रधार एवं जिला पंचायत सदस्य कुलदीप पाल की सराहना करते हुए कहा कि लोक माता अहिल्याबाई होलकर की स्मृति को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ युवाओं को महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने लोक माता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों पर चलने तथा समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने लोक माता के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Comment