फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मार्च 2026 कोतवाली कायमगंज पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी बोगस फर्मों के माध्यम से जीएसटी की चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी दस्तावेज, ई-वे बिल, इनवॉइस और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
क्या है मामला
वादी ताहर सिंह निवासी ग्राम करनपुर थाना कम्पिल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों के कूटरचित किरायानामे बनाकर बोगस फर्म खड़ी कर रहे हैं और उनके जरिए जीएसटी चोरी कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर थाना कायमगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऐसे करते थे फर्जीवाड़ा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों की जमीनों पर फर्जी किरायानामा तैयार करते थे। इसके बाद उन जमीनों पर कागजी तौर पर तंबाकू की फर्जी फर्में बनाकर व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी बिल जारी करते थे और टैक्स की चोरी कराते थे। साथ ही माल को ट्रांसपोर्ट के जरिए गंतव्य तक पहुंचाते थे।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने निम्नलिखित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
सैय्यद अरवाज अली उर्फ सद्दाम, निवासी कोट मऊरशीदाबाद
अमन खान, निवासी करीमनगर रायपुर खास
फैसल खान, निवासी मऊरशीदाबाद जारियान
बरामदगी
फर्म रजिस्ट्रेशन के कूटरचित दस्तावेज, विभिन्न कंपनियों के ई-वे बिल, AK Traders एवं Aman Trading Company के इनवॉइस, चार मोबाइल फोन
आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी सैय्यद अरवाज अली उर्फ सद्दाम पर पहले से ही कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, जालसाजी और हत्या जैसे मामले भी शामिल हैं। अन्य आरोपियों का भी संबंधित मामलों में आपराधिक इतिहास पाया गया है।
पुलिस टीम
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
