फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अप्रैल 2026 केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में फतेहगढ़ स्थित रोजी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस परीक्षा में छात्र शौर्य बाजपेई ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की, वहीं छात्रा सृष्टि दीक्षित ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।
शौर्य बाजपेई ने अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए बताया कि जब उन्होंने अपना परिणाम देखा तो उन्हें पहले विश्वास नहीं हुआ। विद्यालय से पुष्टि मिलने के बाद ही उन्हें अपनी सफलता पर यकीन हुआ। शौर्य का सपना आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना और भ्रष्टाचार को खत्म करना है।
शौर्य के पिता विपनेश कुमार बाजपेई एक टेक्सटाइल इंजीनियर हैं, जबकि उनकी मां शशि बाजपेई गृहिणी हैं। बेटे की इस सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है। उनके बाबा रामबाबू और दादी आशा बाजपेई ने माला पहनाकर, तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। शौर्य के जुड़वा भाई धैर्य बाजपेई ने भी हाईस्कूल परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। शौर्य अपने माता-पिता को ही अपना आदर्श मानते हैं। उनकी बहन वर्तमान में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही हैं।
वहीं, सृष्टि दीक्षित ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत का शानदार परिणाम हासिल किया। सृष्टि का लक्ष्य भविष्य में प्रोफेसर बनना है। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 4 से 5 घंटे नियमित रूप से पढ़ाई करती थीं और कक्षा में अपने सहपाठियों की मदद भी करती थीं। इसी कारण उनके मन में प्रोफेसर बनने की इच्छा जागृत हुई।
सृष्टि के पिता बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं और उनकी मां सीमा दीक्षित गृहिणी हैं। सृष्टि की इस सफलता से परिवार में हर्ष का माहौल है। परिजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी।
विद्यालय प्रशासन ने दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता न केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का भी प्रतिफल है।
