फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मार्च 2026 नवरात्रि के पावन पर्व के मद्देनज़र श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह फतेहगढ़ द्वारा थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के प्रमुख देवी मंदिरों एवं शक्तिपीठों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस दौरान एसपी ने मंदिर परिसरों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम की भी जांच की गई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत रहें और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ-साथ एंटी-रोमियो स्क्वाड को मंदिरों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सहज वातावरण प्रदान किया जाए। नवरात्रि के दौरान जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
