फर्रुखाबाद:भाजपा की जिला कार्यशाला में हर घर तिरंगा अभियान की रूपरेखा तय, 10 से 15 अगस्त तक जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अगस्त 2026 आवास विकास स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्यालय पर मंगलवार को जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में हर घर तिरंगा अभियान की जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला संगठन प्रभारी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव महेश दुबे ने अभियान की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शिव महेश दुबे ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार इस वर्ष भी जनपद में 10 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 से 12 अगस्त के बीच सभी 18 मंडलों में एक से दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद 13 अगस्त को जिला स्तर पर गुड़गांव देवी मंदिर से भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित होगी। वहीं, 14 अगस्त को भारत विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गोष्ठी के साथ मौन जुलूस निकाला जाएगा तथा 15 अगस्त को सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को सम्मान देना तथा नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी मंडलों में संयोजक नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक मंडल की तिरंगा यात्रा में लगभग एक हजार कार्यकर्ताओं की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही जनपद के शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के जिला संयोजक की जिम्मेदारी जिला महामंत्री गोपाल राठौर को सौंपी गई है।

कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, भास्कर दत्त द्विवेदी, डॉ. बी.के. गंगवार, ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौर, अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, जितेंद्र सिंह, अनुराग दुबे, रश्मि दुबे, मनोज गंगवार, अभिषेक बाथम, श्वेता दुबे, अभिषेक बाजपेई, शिव मोहन सिंह, प्रतिभा राजपूत, अनुराग सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बबीता पाठक सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment