फर्रुखाबाद:बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को बताए गए कानूनी अधिकार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अगस्त 2026 माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के निर्देशन में मंगलवार को बद्री विशाल डिग्री कॉलेज, फर्रुखाबाद में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्रीय एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने कहा कि विधिक रूप से जागरूक नागरिक अपने अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी प्रभावी ढंग से निर्वहन करता है, जिससे समाज में न्याय, समानता और विधि के शासन को मजबूती मिलती है।

उन्होंने लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) के तहत पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण विवाद निस्तारण तथा मध्यस्थता (मेडिएशन) के जरिए आपसी सहमति से विवादों के समाधान की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों से विधिक जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में तहसीलदार एवं सचिव, तहसील विधिक सेवा समिति सदर श्री विक्रम सिंह चाहर ने विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं और नागरिकों को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन भी किया।

इस अवसर पर मध्यस्थ श्री जवाहर सिंह गंगवार ने मध्यस्थता की उपयोगिता और उसके माध्यम से विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर प्रकाश डाला। वहीं श्रीमती सीता ने विधिक जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. जय श्री मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विभिन्न विधिक विषयों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर भी हासिल किए। कार्यक्रम का समापन विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment