फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अगस्त 2026 कृषकों की आय में वृद्धि करने और उन्हें कृषि के साथ-साथ अतिरिक्त आय के साधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण तथा जिला मिशन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और नामित कृषकों ने भाग लिया।
बैठक में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कपिल कुमार, उप कृषि निदेशक/भूमि संरक्षण अधिकारी अरविन्द मोहन मिश्र, जिला उद्यान अधिकारी राघवेन्द्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, अपर जिला कृषि अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 11 खेत तालाब लाभार्थियों का अनुमोदन किया गया। इसके अलावा रेनफेड एरिया डेवलपमेंट योजना के तहत दो क्लस्टरों में 156 लाभार्थियों का अनुमोदन किया गया। योजना के अंतर्गत प्रत्येक कृषक को विभिन्न मदों में 30 हजार रुपये तक का अनुदान देय होगा।
इसी क्रम में पं. दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 483.50 हेक्टेयर क्षेत्रफल तथा 109.74 लाख रुपये की वित्तीय राशि का अनुमोदन किया गया। राजकीय कृषि विकास योजनान्तर्गत राजकीय कृषि प्रक्षेत्र के सुधार के लिए प्रस्तुत कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं वी.बी.जी. राम जी योजना के अंतर्गत 434.33 हेक्टेयर क्षेत्रफल में छह परियोजनाओं का अनुमोदन किया गया।
मछली पालन और मधुमक्खी पालन पर जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक कृषकों को इनका लाभ दिलाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से खेत तालाब योजना के माध्यम से मछली पालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इसके साथ ही रेनफेड एरिया डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत कृषकों को मधुमक्खी पालन और वर्मी कम्पोस्ट जैसे आयवर्धक कार्यों से जोड़ने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि के साथ इन गतिविधियों को अपनाकर किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा पात्र कृषकों को समय से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
