राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश कार्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को प्रदेश कार्यालय, ए.पी. सेन रोड, एम.के. अपार्टमेंट, लखनऊ में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों तथा प्रदेश में सामाजिक न्याय पर आधारित सरकार स्थापित करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी के मुख्य महासचिव अगमस्वरूप कुशवाहा, संसदीय बोर्ड अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव सरदार कन्हैया लाल सहित प्रदेश कार्य परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य महासचिव अगमस्वरूप कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूत करने के लिए संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक सक्रिय करना होगा। उन्होंने कहा कि केवल चुनाव लड़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता के शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सम्मान, भागीदारी और अधिकार के सवालों को राजनीतिक एजेंडा बनाना होगा। राष्ट्रीय समानता दल सामाजिक न्याय की लड़ाई को व्यापक जनआंदोलन का रूप देगा।
संसदीय बोर्ड अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन तभी सार्थक है, जब सत्ता की नीतियों और निर्णयों में समाज के वंचित, पिछड़े, दलित, आदिवासी तथा गरीब वर्गों की वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सामाजिक न्याय की विचारधारा और पार्टी की नीतियों को मजबूती से रखें तथा आगामी चुनाव के लिए मजबूत संगठन तैयार करें।
राष्ट्रीय महासचिव सरदार कन्हैया लाल ने कहा कि प्रदेश की राजनीति को जाति और धर्म के भावनात्मक मुद्दों से निकालकर शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, किसान, मजदूर और सामाजिक बराबरी के वास्तविक सवालों पर केंद्रित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय समानता दल सामाजिक न्याय और समान अवसर की राजनीति को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब ऐसी सरकार चाहती है जो समाज के सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मान दे। उन्होंने कहा कि “सामाजिक न्याय केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि सत्ता की नीति और शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।”
संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय समानता दल प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेगा। सामाजिक न्याय, संविधान, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, किसान-मजदूरों के अधिकार और लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की सरकार स्थापित करने के लिए वैचारिक और संगठनात्मक विकल्प तैयार करना है। इसके लिए सामाजिक न्याय की विचारधारा में विश्वास रखने वाले संगठनों, राजनीतिक शक्तियों और आम जनता के बीच संवाद बढ़ाया जाएगा।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान तथा विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। कार्य परिषद ने सामाजिक न्याय की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा प्रदेश में समानता, लोकतंत्र और संविधान आधारित राजनीति को मजबूत करने का संकल्प लिया।बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष शिवपाल सिंह कुशवाहा, सीताराम प्रधान, सूरजभान, मनोज कुमार, अभय कुमार, अजय धारिया, चरन सिंह कुशवाहा इत्यादि लोग उपस्थित रहें।
लखनऊ:सामाजिक न्याय की सरकार के लिए राष्ट्रीय समानता दल ने बनाई चुनावी रणनीति
