फर्रुखाबाद:किसान दिवस में उठीं किसानों की समस्याएं, फार्मर रजिस्ट्री और आयुष्मान कार्ड बनवाने पर दिया गया जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मई 2026 को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, सहकारिता, विद्युत, सिंचाई, स्वास्थ्य, मत्स्य, खाद्य एवं रसद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और किसानों की समस्याओं को सुना।

बैठक में उप कृषि निदेशक श्री अरविन्द मोहन मिश्र ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने सभी किसानों से अपनी तथा परिवार के उन सदस्यों की फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की, जिनके नाम भूमि दर्ज है। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री न कराने वाले किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खाद, बीज तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई हो सकती है।

उन्होंने जानकारी दी कि खरीफ सत्र के लिए विभिन्न फसलों के बीज राजकीय कृषि बीज भंडारों पर 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा रागी, सांवा, कोदो और बाजरा के मिनीकिट निःशुल्क वितरण के लिए भी उपलब्ध कराए गए हैं। जिन किसानों ने पूर्व में बीज बुकिंग कराई थी, उन्हें बीज वितरण शुरू कर दिया गया है तथा शेष बीजों की ऑनलाइन बुकिंग भी प्रारंभ हो चुकी है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अमित मिश्रा ने किसानों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के नाम आर्थिक जनगणना 2011 की सूची में शामिल हैं, वे जनसेवा केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा आंगनवाड़ी सहायिका के माध्यम से अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्ड से संबंधित जानकारी विभागीय टोल फ्री नंबर 14555 एवं आयुष्मान सारथी ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।

किसान दिवस में किसानों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। किसान श्री राममोहन दीक्षित ने आलू खरीद में निर्धारित मानकों को अत्यधिक कठोर बताते हुए उनमें संशोधन की मांग की। इस पर जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आलू खरीद के लिए 45 से 85 मिमी आकार और धूप से सुरक्षित आलू के मानक तय किए गए हैं। किसानों की मांग शासन स्तर तक पहुंचा दी गई है।

वहीं किसान श्री शिवप्रताप सिंह ने जनपद में वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान किसानों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, उनके लिए 22 मई 2026 को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आरटीओ कार्यालय में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां निर्धारित शुल्क पर लाइसेंस बनाए जाएंगे।

बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जनपद में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जल्द ही पॉस मशीन के माध्यम से उर्वरक वितरण शुरू किया जाएगा, जिसमें फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करने वाले किसानों को प्राथमिकता मिलेगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।