फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 सितम्बर 2026 रिजर्व पुलिस लाइन, फतेहगढ़ में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित पुलिस ऑफिसर्स मेस (अतिथि गृह) का विधिवत उद्घाटन कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह के बाद एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने नवनिर्मित अतिथि गृह के परिसर, विभिन्न कक्षों एवं वहां उपलब्ध समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अतिथि गृह में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा आगंतुक पुलिस अधिकारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने संबंधित अधिकारियों को परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिथि गृह में उपलब्ध सुविधाओं को व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर श्री यमुना प्रसाद, पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नवनिर्मित पुलिस ऑफिसर्स मेस के शुरू होने से पुलिस अधिकारियों के फतेहगढ़ प्रवास के दौरान बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह अतिथि गृह पुलिस विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
