फर्रुखाबाद पीएम किसान योजना: 30 जून तक अनिवार्य रूप से कराएं वार्षिक ई-केवाईसी, अन्यथा रुक सकती है अगली किस्त

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के लाभार्थी किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। कृषि एवं किसान मंत्रालय, भारत सरकार तथा कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुसार योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर रहे सभी किसानों को 30 जून 2026 तक वार्षिक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है।

प्रशासन द्वारा बताया गया है कि योजना का लाभ केवल वास्तविक एवं जीवित पात्र किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया अनिवार्य की गई है। जिन किसानों द्वारा निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराई जाएगी, उन्हें अपात्र की श्रेणी में माना जाएगा और उनकी आगामी किस्तों का भुगतान स्वतः रोक दिया जाएगा।

ई-केवाईसी कराने के दो विकल्प

1. बायोमैट्रिक ई-केवाईसी

पीएम किसान योजना में पंजीकृत लाभार्थी किसान अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र पर जाकर बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं।

2. फेशियल ई-केवाईसी

किसान पीएम किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं फेशियल ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राम नोडल अधिकारी अथवा संबंधित फील्ड कर्मियों से संपर्क कर भी यह प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है।

समय पर ई-केवाईसी न कराने पर रुकेगी किस्त

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण नहीं होगी, उनकी आगामी किस्त भारत सरकार के स्तर से जारी नहीं की जाएगी। केवल उन्हीं किसानों को अगली किस्त का लाभ मिलेगा जिनकी ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूर्ण हो जाएगी।

किसानों से अपील

जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने जनपद के सभी लाभार्थी किसानों से अपील की है कि वे 30 जून 2026 से पहले स्वयं अथवा नजदीकी जन सेवा केंद्र के माध्यम से अपनी ई-केवाईसी अवश्य करा लें, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्त प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो।

Leave a Comment