फर्रुखाबाद:एफआरयू में ब्लड स्टोरेज यूनिट से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती: सीएमओ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2026 जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) पर ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना और संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी एफआरयू पर आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव जैसी आपातकालीन स्थितियों में समय पर सुरक्षित रक्त की उपलब्धता मातृ मृत्यु दर को कम करने में अहम भूमिका निभाती है। एफआरयू पर ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित होने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ही गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को आवश्यकता अनुसार रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे अनावश्यक रेफरल कम होंगे और मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित करने के साथ-साथ स्वैच्छिक रक्तदान को भी लगातार बढ़ावा दे रहा है। जनपद में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित कर पर्याप्त रक्त संग्रहित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा युवाओं से नियमित रक्तदान करने की अपील भी की।

सीएमओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लड स्टोरेज यूनिट के संचालन के लिए आवश्यक उपकरण, प्रशिक्षित मानव संसाधन, कोल्ड चेन व्यवस्था और गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ब्लड बैंक और एफआरयू के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे रक्त की उपलब्धता और आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में सुरक्षित मातृत्व और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। ब्लड स्टोरेज यूनिट और स्वैच्छिक रक्तदान अभियान के प्रभावी संचालन से मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिलेगा तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Leave a Comment