फर्रुखाबाद में समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) की तैयारियां तेज, 21 से 23 अगस्त तक होगा आयोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद द्वारा माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) की तैयारियों को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नीरज कुमार ने की, जबकि संचालन सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर ने किया।

बैठक में अध्यक्ष ने बताया कि 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित न्यायालयों के सहयोग से नोटिसों की तामील कराई जा रही है। साथ ही प्री-सिटिंग आयोजित कर पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बैंकों, बीमा कंपनियों, विभिन्न सरकारी विभागों, बार एसोसिएशन तथा लोक उपयोगिता सेवा संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर समझौते योग्य मामलों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे पक्षकारों से संपर्क कर उन्हें विशेष लोक अदालत में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

व्यापक स्तर पर होगा प्रचार-प्रसार

विशेष लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए न्यायालय एवं तहसील परिसरों सहित सार्वजनिक स्थानों पर बैनर, पोस्टर और पंपलेट लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया, व्हाट्सएप समूहों, स्थानीय समाचार पत्रों, विधिक जागरूकता शिविरों तथा परा विधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से भी लोगों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है।

वादकारियों से की अपील

जनपद न्यायाधीश श्री नीरज कुमार ने जिले के वादकारियों से अपील की कि वे समाधान समारोह-2026 का लाभ उठाकर आपसी सहमति से अपने मामलों का त्वरित, सरल एवं निःशुल्क निस्तारण कराएं, जिससे समय, धन और श्रम की बचत हो सके।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के भी निर्देश

बैठक में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित करने तथा चिन्हित मामलों का विवरण शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिला जज प्रथम श्री अभिनितम उपाध्याय, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) श्री शैलेन्द्र सचान, षष्ठम अपर जिला जज एफटीसी प्रथम एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री संजय कुमार सहित जनपद के सभी न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment