फर्रुखाबाद:अमृतपुर तहसील समाधान दिवस में पहुंचे 138 मामले, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2026 अमृतपुर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील समाधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण समेत सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन करें और नियमानुसार उनका निस्तारण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, पैमाइश, कब्जा, सड़क, जल निकासी, विद्युत आपूर्ति, पेंशन एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने गंभीर मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा पात्र शिकायतकर्ताओं को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अमृतपुर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में कुल 138 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 55, पुलिस के 26, विकास विभाग के 22, विद्युत विभाग के 6, खाद्य एवं रसद विभाग के 8 तथा अन्य विभागों के 21 प्रकरण शामिल रहे। इनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने अमृतपुर तहसील परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलेगा।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कुठला झील पहुंचकर पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को झील क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई कराने तथा पर्यटन विकास से जुड़े आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय लोगों को इसका लाभ प्राप्त हो।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, उपजिलाधिकारी श्वेता साहू, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर, तहसीलदार शशांक सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment