फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अप्रैल 2026 जनपद के ग्राम जाजपुर बंजारा निवासी मधूकुमारी पुत्री श्री बलवीर सिंह शाक्य एवं जनपद मैनपुरी के ग्राम भरतपुर निवासी ज्ञानेंद्र सिंह पुत्र श्री गुरुजीत सिंह शाक्य का विवाह बौद्ध रीति-रिवाजों के अनुसार सादगी एवं गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर बौद्ध परंपरा के अनुसार दोनों पक्षों की सहमति से विवाह संस्कार सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों और परिजनों की मौजूदगी में नवदंपति ने एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। बौद्ध विधि के अनुसार संपन्न इस विवाह में आडंबर रहित, सरल और सामाजिक समरसता का संदेश देखने को मिला।
विवाह संस्कार सम्पन्न कराने के पश्चात धर्मपाल सिंह बौद्ध द्वारा नवदंपति को विधिवत विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने नवदंपति को उज्ज्वल भविष्य एवं सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं भी दीं।
इस मौके पर दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, समानता और बौद्ध विचारधारा के मूल सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया गया।
यह विवाह क्षेत्र में सामाजिक बदलाव और वैकल्पिक वैवाहिक परंपराओं को अपनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
