फर्रुखाबाद:समाज सेवा की दिशा में ‘तथागत संभ्रान्त नागरिक सामाजिक संगठन’ की अहम पहल।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2025 ‘तथागत संभ्रान्त नागरिक सामाजिक संगठन’ की मासिक बैठक आज ग्राम नगला खैरबंद स्थित आरपी पैलेस में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ सुबह 11 बजे जिलाध्यक्ष शिवकुमार शाक्य की अध्यक्षता में हुआ। संगठन की इस महत्वपूर्ण बैठक में समाज के अविवाहित युवक-युवतियों के विवाह आयोजन में संगठन की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई।

जिलाध्यक्ष श्री शाक्य ने बताया कि समाज के संभ्रान्त नागरिक जो हाल ही में सरकारी सेवा में चयनित हुए हैं या पिछले दो माह में सेवानिवृत्त हुए हैं, तथा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को संगठन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने अपने-अपने ग्रामों की टेलीफोन डायरेक्टरी भी संकलित करवाई, जिससे संगठनात्मक संवाद और तेज किया जा सके। इसके साथ ही नगर एवं ब्लॉकों में शीघ्र ही संगठन की नई कमेटियों के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

सक्रिय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियाँ

मीडिया प्रभारी आनंद भान शाक्य ने सुझाव दिया कि सक्रिय सदस्यों को उन ग्राम पंचायतों की सूची दी जाए जहां अभी तक फोन नंबरों का संकलन नहीं हो सका है। वहीं, जिलाध्यक्ष ने नगर फर्रुखाबाद फतेहगढ़ की समिति को जल्द घोषित करने के निर्देश दिए और कहा कि शहर क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले से जानकारी एकत्र करना आवश्यक है।

पाली भाषा अध्ययन को लेकर प्रेरणा

शिक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने पाली भाषा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में पाली भाषा से संबंधित सरकारी नौकरियों की संभावनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने इच्छुक युवाओं से पाली भाषा का अध्ययन शुरू करने और रजिस्ट्रेशन कराने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि वे जिले के एकमात्र व्यक्ति हैं जिन्होंने पाली भाषा से इंटरमीडिएट पास किया है और प्रत्येक रविवार को नि:शुल्क कक्षाएं चला रहे हैं।

संगठन के संरक्षक अवनीश शाक्य ने प्रस्ताव रखा कि जनपद के सभी ब्लॉकों व ग्रामों में ‘पंचशील झंडा बितरण’ कार्यक्रम संचालित किया जाए, जिससे पंचशील मूल्यों का प्रचार-प्रसार समाज में व्यापक रूप से हो।

शादी योग्य युवक-युवतियों की सूची पर काम जारी

जिलाध्यक्ष श्री शाक्य ने बताया कि संगठन समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों की जानकारी संकलित कर वैवाहिक सहयोग भी प्रदान कर रहा है। यदि कोई व्यक्ति किसी नाम को संगठन की सूची में शामिल करवाना चाहता है तो उसे संगठन की सदस्यता लेना अनिवार्य है।

बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित गणमान्य व्यक्ति:

शिवकुमार शाक्य जिलाध्यक्ष, रामवीर शाक्य महासचिव, राधेश्याम शाक्य कोषाध्यक्ष, संतोष शाक्य जिला सचिव, गिरिजा शंकर शाक्य, महावीर सिंह शाक्य, सुभाष चंद्र शाक्य एडवोकेट उपाध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह शाक्य पुस्तकालय प्रभारी, आनंदभान शाक्य  मीडिया प्रभारी, शकुंतला शाक्य महिला सभा जिलाध्यक्ष, शिवकुमार शाक्य शिक्षक सभा जिलाध्यक्ष, दीपक शाक्य नगर अध्यक्ष, प्रभात कुमार शाक्य ब्लॉक अध्यक्ष कायमगंज, सुबोध शाक्य, राजवीर सिंह शाक्य, डॉ.धर्मवीर शाक्य, मुकेश कुमार शाक्य शिक्षक, पुष्पराज सिंह, सुभाष चंद्र शाक्य शिक्षक, देशराज शाक्य, डॉ भोजराज शाक्य, अखिलेश कुमार शाक्य, डॉ. शिवरतन सिंह शाक्य सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक का समापन एकजुटता, सामाजिक उत्थान और पंचशील मूल्यों के प्रचार के संकल्प के साथ किया गया।