फर्रुखाबाद: बाढ़ राहत शिविर में स्वास्थ्य सेवाएं हुईं और मजबूत, सीएमओ ने चिकित्सा टीम व एम्बुलेंस की तैनाती के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अगस्त 2026 जनपद में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सदर तहसील स्थित रहमानी इंटर कॉलेज में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और चिकित्सा टीम को नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने राहत शिविर में रह रहे लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण तथा संक्रामक एवं जलजनित रोगों की रोकथाम संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उनके निर्देशन में चिकित्सकीय टीम ने शिविर में मौजूद लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सर्दी, जुकाम, बुखार, त्वचा रोग, दस्त समेत अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को तत्काल प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिन मरीजों को विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता पाई गई, उन्हें उच्च चिकित्सालयों के लिए रेफर किया गया।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने राहत शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए एक महिला चिकित्सक, एक शिशु रोग विशेषज्ञ, एक वरिष्ठ फिजीशियन तथा आवश्यक दवाओं से सुसज्जित एक एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित कराई। उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सा टीम प्रतिदिन दो बार शिविर का दौरा कर सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी और किसी भी संक्रामक रोग के लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार एवं नियंत्रणात्मक कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान जलजनित एवं संक्रामक रोग फैलने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। राहत शिविर में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की नियमित स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय दल और एम्बुलेंस 24 घंटे तैयार रहेंगे।

सीएमओ ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविर में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर मिलती रहें।

Leave a Comment