फर्रुखाबाद:बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का सघन अभियान, गांव-गांव पहुंचकर मरीजों को मिल रहा उपचार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समय से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में गठित चिकित्सकीय टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं। जरूरत के अनुसार मरीजों को उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अब तक 198 चिकित्सकीय टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में 432 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर एवं ग्राम भ्रमण किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान अब तक 23,811 लोगों का उपचार किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से डायरिया एवं डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए 19,363 ओआरएस पैकेट तथा सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 29,419 क्लोरीन टैबलेट वितरित की जा चुकी हैं। स्वास्थ्य टीमें बाढ़ प्रभावित गांवों में बुखार, डायरिया, त्वचा संबंधी समस्याओं सहित अन्य संभावित बीमारियों से पीड़ित लोगों की जांच कर रही हैं।

ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता के प्रति किया जा रहा जागरूक

चिकित्सकीय टीमों द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का प्रयोग करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा पानी को उबालकर अथवा क्लोरीन युक्त करने के बाद ही पीने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को यह भी जागरूक कर रहा है कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराएं।

03 सितंबर को 654 लोगों का हुआ उपचार

03 सितंबर की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की 14 चिकित्सकीय टीमें सक्रिय रहीं। टीमों द्वारा 15 स्वास्थ्य शिविर एवं ग्राम भ्रमण किए गए। इस दौरान 654 लोगों का उपचार किया गया। वहीं प्रभावित क्षेत्रों में 428 ओआरएस पैकेट और 922 क्लोरीन टैबलेट वितरित की गईं। मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए दो गांवों में लार्वीसाइड का छिड़काव भी कराया गया।

गंभीर मरीजों को तत्काल रेफर करने के निर्देश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि बाढ़ के बाद जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने चिकित्सकीय टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने तथा गंभीर मरीजों की तत्काल पहचान कर आवश्यकतानुसार उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दवाओं, ओआरएस एवं क्लोरीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए और स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को समय पर उपचार मिल सके।

Leave a Comment