फर्रुखाबाद:सीएमओ ने पांच स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों पर जताई नाराजगी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने शनिवार को जिले के पांच स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ कर्मचारी सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना प्रतिकर अवकाश पर पाए गए। सीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीएमओ ने सीएचसी नवाबगंज, पीएचसी अचरा खलवारा, पीएचसी अचरिया बाकरपुर, पीएचसी संकिसा और पीएचसी पखना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा केंद्रों पर मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सीएचसी नवाबगंज में कई कर्मचारी मिले अनुपस्थित

सीएचसी नवाबगंज में नियमित कर्मचारी अमित कुमार डेंटल हाइजीनिस्ट, धीरेन्द्र प्रताप सिंह लैब असिस्टेंट और राहुल कुमार वार्ड बॉय अनुपस्थित मिले। वहीं संविदा कर्मचारियों में रतन देव ऑप्टोमेट्रिस्ट आरबीएसके, आरती स्टाफ नर्स एनसीडी, अमृता सिंह लैब टेक्नीशियन तथा मंजू कुमारी एनसीडी काउंसलर भी अनुपस्थित पाई गईं।

कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए वेतन कटौती के साथ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बिना अनुमति प्रतिकर अवकाश पर मिले कर्मचारी

पीएचसी अचरा खलवारा में फार्मासिस्ट प्रेम चंद्र उपस्थित मिले, जबकि स्टाफ नर्स अंकुर कुमार, लैब टेक्नीशियन आज्ञाराम और एएनएम सुहानी बिना उच्च अधिकारी की अनुमति के प्रतिकर अवकाश पर पाए गए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना प्रतिकर अवकाश लेना नियमों के विपरीत है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

अचरिया बाकरपुर में सभी कर्मचारी मिले उपस्थित

पीएचसी अचरिया बाकरपुर के निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। सीएमओ ने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को समय से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

संकिसा में चार कर्मचारी अनुपस्थित

पीएचसी संकिसा में एएनएम ममता यादव, फार्मासिस्ट सुरेंद्र कुमार, एमओ डॉ. अशोक कुमार और डॉ. प्रभात त्रिपाठी अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के समय सभी बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

पखना में भी मिली लापरवाही

पीएचसी पखना में डीएवी/आईएमओ प्रियंक पांडेय अनुपस्थित मिले। वहीं कैलाश बाबू और अंजली शाक्य बिना किसी सूचना के प्रतिकर अवकाश पर पाए गए। सीएमओ ने अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सीएमओ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सीधे तौर पर मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी है। ऐसे में बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अवकाश लेना अथवा ड्यूटी से अनुपस्थित रहना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता प्रत्येक मरीज को उसके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर समय से उपचार, जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेगा और ड्यूटी में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment