फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 मार्च 2026 भोजपुर विधायक नागेंद्र राठौर एवं जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने आज कमालगंज क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। यह कार्य जहानगंज–कमालगंज संपर्क मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के चैनज 14.000 से 23.25 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया। इस सड़क के निर्माण एवं चौड़ीकरण से क्षेत्र की जनता को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि यात्रा भी सुरक्षित और सुगम बनेगी।
विधायक नागेंद्र राठौर ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और कृषि गतिविधियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क के बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं छात्रों और व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि सरकार जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है। इस प्रकार की परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास को गति देने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाएंगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिलान्यास के साथ ही लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला और उन्होंने परियोजना के शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद जताई।
