फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अप्रैल 2026 आज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद संगठन के नेतृत्व में नमस्ते इंडिया दुग्ध डेयरी के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। किसानों ने डेयरी पर दूध खरीद में अनियमितता और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए।
धरने के दौरान जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार ने आरोप लगाया कि डेयरी किसानों से दूध किलो के बजाय लीटर में खरीदती है, जिससे प्रत्येक लीटर पर 30 से 60 मिलीलीटर अतिरिक्त दूध लिया जाता है। उन्होंने इसे किसानों के साथ खुली लूट बताया। अरविंद गंगवार के अनुसार, डेयरी द्वारा उनसे लगभग 43 हजार रुपये की ठगी की गई है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि डेयरी द्वारा रोकी गई धनराशि का तत्काल भुगतान किया जाए। वहीं, जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने आरोप लगाया कि यह समस्या केवल एक किसान तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले के किसानों के साथ इसी प्रकार की लूट हो रही है। उन्होंने दावा किया कि जनपद के किसानों से प्रतिदिन लगभग 16 लाख रुपये की वसूली की जा रही है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो पूरे जनपद में नमस्ते इंडिया डेयरी के उत्पादों—दूध, घी, दही के साथ-साथ अन्य सामान का भी बहिष्कार किया जाएगा।
धरने के दौरान सदर एसडीएम रजनीकांत पाण्डेय मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने उन्हें अपना मांग पत्र सौंपा। जिला महासचिव अभय यादव ने बताया कि आगामी शुक्रवार को एडीएम की मौजूदगी में डेयरी अधिकारियों और किसानों के बीच वार्ता होगी, जिसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया। इस अवसर पर लक्ष्मी शंकर जोशी, कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, अनुज राजपूत, मुकेश शर्मा, अजयपाल यादव, पुजारी कटियार, सुशील दीक्षित, गुड्डू यादव, दिनेश सिंह, अनीस सिंह सोमवंशी, कश्मीर गंगवार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
