फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मई 2026 जनपद के ग्राम पंचायत नीबकरौरी की ग्राम सभा नगला दरियाव में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लिंक एक्सप्रेसवे के कटों के लिए किसानों की अधिक जमीन अधिग्रहित किए जाने का विरोध किया गया। किसानों ने स्पष्ट कहा कि वह कटों के नाम पर बेतहाशा जमीन नहीं देंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे में सड़क के समानांतर चढ़ने-उतरने के लिए सर्विस रोड बनाई गई हैं, उसी तर्ज पर लिंक एक्सप्रेसवे में भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान योजना में कटों के नाम पर किसानों की जरूरत से ज्यादा जमीन ली जा रही है, जिससे किसान परेशान हैं।
अजय कटियार ने कहा कि किसानों को 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के तहत मानसिक क्षतिपूर्ति राशि भी दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर को हथियापुर में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों को संबोधित करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी थी, जिसके बाद कुछ कटों पर जमीन छोड़ी गई थी। लेकिन अब दोबारा बड़े कट बनाए जा रहे हैं और अधिक जमीन अधिग्रहित की जा रही है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि लिंक एक्सप्रेसवे को गांवों और मकानों से दूर बनाया जाए। अन्यथा भारतीय किसान यूनियन टिकैत फर्रुखाबाद बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। जिलाध्यक्ष ने किसानों से संघर्ष के लिए तैयार रहने और जरूरत पड़ने पर जेल जाने तक की बात कही।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला सचिव बिजनेश यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
