फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मई 2026 भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा सोमवार को ग्राम सभा मानपुर में किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीनों के मुआवजे और कटो पर ली जा रही अतिरिक्त जमीन को लेकर किसानों ने गहरा असंतोष जताया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि देश में सांसदों और विधायकों के भत्ते वर्ष 2013 से अब तक करीब 140 बार बढ़ाए जा चुके हैं, लेकिन किसानों के मुआवजे में नाममात्र की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की जमीन का बाजार भाव के अनुसार मुआवजा दे, अन्यथा किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि फर्रुखाबाद में बन रहे लिंक एक्सप्रेसवे के लिए यूपीडा द्वारा करीब 2413 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की जा रही है। इसमें ग्राम पंचायत सिरौली की ग्राम सभा मानपुर, कान्हुयाकूबपुर की ग्राम सभा गुचलियाई, नीमकरोरी की ग्राम सभा नगला दरियाव, फगुनाआतंपुर सहित कई गांवों की जमीन शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन औने-पौने दामों पर ली जा रही है तथा कटो के नाम पर अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।
अजय कटियार ने कहा कि यूपीडा को स्पष्ट करना चाहिए कि कटो की जमीन आखिर किन लोगों के लिए ली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन सस्ते दामों पर खरीदकर कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाने की तैयारी की जा रही है, जिसका किसान पुरजोर विरोध करेंगे।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो जल्द ही बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। किसान जिला अधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, गुड्डू यादव, बिजनेश यादव, दिनेश सिंह, रजत गंगवार, अर्पित गंगवार, रामनरेश यादव, अजीत सोमवंशी, रवि सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
