फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में विभागीय टीम कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में 12 नवंबर 2026 को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने अपनी टीम के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान देशी शराब दुकान राजेंद्र नगर, पुनपालपुर, मेरापुर और पिलखना सहित राजेंद्र नगर, मेरापुर एवं पिलखना की कंपोजिट दुकानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, POS मशीन के माध्यम से बिक्री और CCTV कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही देशी शराब की दुकानों पर संचालित कैंटीन की भी सघन जांच की गई।
आबकारी टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान अभिलेखों से किया। संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश
फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग का औचक निरीक्षण, शराब दुकानों के स्टॉक और CCTV व्यवस्था की जांच
फर्रुखाबाद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान के तहत शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर, POS मशीन, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और CCTV कैमरों की जांच की गई।