Friday, 13 November 2026 | 8:12 PM
उत्तर प्रदेश

बाल विज्ञान कांग्रेस में विद्यार्थी दिखाएंगे वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचारों पर आधारित प्रोजेक्ट होंगे प्रस्तुत

28 नवंबर को सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल में होगा जिला स्तरीय आयोजन, जूनियर और सीनियर वर्ग में होगी प्रतियोगिता
Share:
बाल विज्ञान कांग्रेस में विद्यार्थी दिखाएंगे वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचारों पर आधारित प्रोजेक्ट होंगे प्रस्तुत
कासगंज। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 28 नवंबर को बिलराम गेट स्थित सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी सतत विकास और नवाचार पर आधारित अपने वैज्ञानिक प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर पंजीकृत विद्यार्थियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन और सीबीएसई बोर्ड के विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।

जिला विज्ञान क्लब एवं एनसीएससी यूपी (पश्चिम) के समन्वयक डॉ. जयंत गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता की मुख्य थीम 'सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार' निर्धारित की गई है। इसके तहत विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और समाज की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान जैसे विषयों पर अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे।

प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी जूनियर तथा 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी सीनियर वर्ग में शामिल होंगे। दोनों वर्गों में विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया जाएगा।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। चयनित विद्यार्थी एक से तीन दिसंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कासगंज का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच के साथ नई खोज और नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।