Friday, 13 November 2026 | 8:13 PM
उत्तर प्रदेश

जूनियर बालिका वर्ग में रोशनी बढ़ारी बनीं ब्लॉक चैंपियन

Share:
जूनियर बालिका वर्ग में रोशनी बढ़ारी बनीं ब्लॉक चैंपियन


100 और 200 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद में भी हासिल किया प्रथम स्थान, विधायक ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

अमांपुर। विकासखंड अमांपुर की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय अभयपुरा में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने दौड़, कबड्डी, लंबी कूद सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। जूनियर बालिका वर्ग में रोशनी बढ़ारी ने तीन स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर ब्लॉक चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक हरिओम वर्मा, विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी नेहा सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

खेल प्रतियोगिताओं में प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में प्रांजल मझोला, 100 मीटर में विशाल रामपुर और 200 मीटर में सुमित फकौता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में जानवी शाहपुर, 100 मीटर में चांदनी वसावनपुर और 200 मीटर में संजना बीरपुर विजेता रहीं।

जूनियर बालक वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में दिलवर डेंगरी ने बाजी मारी, जबकि 400 मीटर दौड़ में प्रियांशु अभयपुरा प्रथम रहे। वहीं जूनियर बालिका वर्ग में रोशनी बढ़ारी ने 100 और 200 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में प्रार्थना नगला महर्जी ने पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन पर अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला पीटीआई राजेंद्र सिंह, जिला समन्वयक सुनील यादव, सुनील कुमार आर्य, ओम शिव वर्मा, रामपाल सिंह, पूनम राजपूत, नरेंद्र वर्मा, राकेश राजपूत सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

प्रतियोगिताओं का निर्णायक मंडल ब्लॉक पीटीआई मुनेश राजपूत, पुष्पेंद्र कुमार, नीलेश प्रताप चौहान, दीनदयाल सिंह, अजय यादव, यादराम सिंह, देवेंद्र कुमार, भारतेंदु कुमार, सोमेंद्र कुमार और फुरकान अली ने संभाला।