फर्रुखाबाद: में आबकारी विभाग का अभियान: 14 लीटर कच्ची शराब और 60 किलो लहन बरामद, दो मुकदमे दर्ज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार को कायमगंज क्षेत्र में सघन कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने टीम के साथ संदिग्ध ग्राम श्यामनगर और प्रेमनगर में दबिश दी। इस दौरान 14 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 60 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। मौके पर ही लहन को नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए।

इसके साथ ही विभागीय टीम ने बागलकूला, उम्मरपुर, बघौना स्थित देशी शराब दुकानों तथा उम्मरपुर और बघौना की कम्पोजिट दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और देशी शराब दुकानों की कैंटीन की भी गहन जांच की गई।

आबकारी अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Leave a Comment