फर्रुखाबाद:ऊर्जा मंत्री कैलाश राजपूत बोले- योगी सरकार ने प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत सोमवार को जनपद दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। फर्रुखाबाद की सीमा खुदागंज पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

ऊर्जा राज्य मंत्री का काफिला खुदागंज से होते हुए कमालगंज मुख्य बाजार पहुंचा और वहां से पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत के आवास पर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री मुकेश राजपूत के भतीजे एवं संकिसा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत के निजी कार्यक्रम में पहुंचे और उनके नवीन प्रतिष्ठान का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की।

ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि उद्योगों की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है, हालांकि 45 से 50 डिग्री तापमान के कारण विद्युत आपूर्ति में कुछ तकनीकी बाधाएं आती हैं, लेकिन योगी सरकार पिछली सरकारों की तुलना में बेहतर और निर्बाध बिजली उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई हालिया बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। स्मार्ट मीटरों की प्रीपेड व्यवस्था को पोस्टपेड में बदलने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है, जिससे गरीब जनता को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल गलत पाया जाता है तो उसकी जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को हर संभव राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है और भीषण गर्मी के बावजूद निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा सुशासन और सुरक्षा के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी और प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला महामंत्री गोपाल राठौर, ब्लॉक प्रमुख राजेपुर डॉ. पल्लव सोमवंशी, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत, खीमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment