फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अगस्त 2026 गोरखपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के सम्मेलन का मंगलवार को विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अध्यक्षता की। इस दौरान जनपद के पीआरडी अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
सजीव प्रसारण के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि पीआरडी जवानों से शासन को महत्वपूर्ण अपेक्षाएं हैं। जवान पुलिस विभाग के कर्मचारियों की तरह अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि वर्दी धारण करने के साथ सुरक्षाकर्मी के भीतर जिम्मेदारी और मनोबल की भावना बढ़ती है।
उन्होंने बताया कि पीआरडी जवान थानों, पुलिस चौकियों, कांवड़ यात्रा, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, गंगा यात्रा, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों, न्यायालय, कलेक्ट्रेट, ट्रैफिक व्यवस्था, बैंकों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सेवाएं दे रहे हैं। सरकारी दायित्वों की पूर्ति में उनकी रुचि, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा बेहद महत्वपूर्ण है।
500 से बढ़कर 600 रुपये हुआ ड्यूटी भत्ता
अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि पीआरडी जवानों के हित में सरकार लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 तक जवानों को 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था। 8 मार्च 2019 को इसे बढ़ाकर 375 रुपये, 6 जनवरी 2022 को 395 रुपये तथा 1 अप्रैल 2025 को 500 रुपये किया गया था।
अब मुख्यमंत्री द्वारा 18 अगस्त 2026 को पीआरडी जवानों का ड्यूटी भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किए जाने की घोषणा की गई है। इससे प्रदेश के करीब 31 हजार पीआरडी जवानों को लाभ मिलेगा।
जवानों और परिजनों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा
विधायक ने कहा कि पीआरडी जवान बारिश, सर्दी और तेज धूप में भी पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं देते हैं। उनकी सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए सरकार द्वारा पीआरडी जवानों एवं उनके परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरू की जा रही है। उन्होंने इसे जवानों के लिए बड़ी सौगात बताया।
सजीव प्रसारण के दौरान मौजूद पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी और कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरू किए जाने पर जवानों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला कमांडेंट पुष्पेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी और पीआरडी जवान उपस्थित रहे।
