फर्रुखाबाद:युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित, योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अगस्त 2026 कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में मंगलवार को सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान योजना को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शिक्षण एवं तकनीकी संस्थानों से जुड़े करीब 250 से 300 छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने प्रतिभाग कर स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यशाला के प्रथम सत्र में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के अधिकारी, आईटीआई एवं राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा जिला कौशल विकास मिशन के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान युवाओं को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना, एक जनपद एक व्यंजन योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद टूलकिट एवं प्रशिक्षण योजना के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गई।

उपायुक्त उद्योग एवं प्रशिक्षकों ने योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ऋण सुविधा, परियोजना स्थापना तथा स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन के अवसरों की जानकारी दी। युवाओं की ओर से पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का भी अधिकारियों ने समाधान किया।

बैंक अधिकारियों ने बताई ऋण प्रक्रिया

कार्यशाला के द्वितीय सत्र में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बैंक स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। इसमें भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूनियन बैंक तथा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के जिला समन्वयकों एवं संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

जिला अग्रणी प्रबंधक एवं बैंक अधिकारियों ने योजनाओं में बैंकों की भूमिका, ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया तथा लाभार्थियों को समयबद्ध बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी और सुझाव साझा किए।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षण एवं तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत युवाओं को उद्यमिता के प्रति प्रेरित करना और उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाना रहा। प्रशिक्षकों ने युवाओं को उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, योजनाओं के लाभ और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, फर्रुखाबाद की ओर से जनपद के सभी संबंधित शिक्षण एवं तकनीकी संस्थानों से अपील की गई कि अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना से जोड़ा जाए। साथ ही नवीन इकाइयों (ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट्स) की स्थापना के लिए युवाओं को प्रेरित किया जाए।

अधिकारियों के अनुसार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जनपद में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ नए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे तथा युवा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

Leave a Comment