फर्रुखाबाद: शराब के नशे में युवक की हत्या कर शव रेलवे पटरी पर फेंका, एक आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अप्रैल 2026 जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने एक गंभीर हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने मु0अ0सं0 38/2026 धारा 103(1) बीएनएस में वांछित आरोपी सनी पुत्र शैलेन्द्र सिंह निवासी ग्राम ऊंची गधेड़ी थाना नवाबगंज को गिरफ्तार कर लिया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

घटना का विवरण:

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06 दिसंबर 2025 को आरोपियों द्वारा वादी के भाई सत्यपाल की हत्या कर उसका शव रेलवे पटरी पर फेंक दिया गया था, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। इस संबंध में वादी समरपाल सिंह द्वारा न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसके आधार पर न्यायालय के आदेशानुसार थाना मोहम्मदाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ में हुआ खुलासा:

गिरफ्तार आरोपी सनी ने पूछताछ में बताया कि गांव का ही सत्यपाल दुकान चलाता था और लोगों को ब्याज पर पैसे उधार देता था। सह-अभियुक्त मोहित उर्फ अरुण का सत्यपाल से करीब 50 हजार रुपये का लेन-देन था, जिसको लेकर वह नाराज था। घटना के दिन तीनों आरोपी शराब के नशे में थे, उसी दौरान सनी और मोहित ने मिलकर सत्यपाल को ट्रेन के आगे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

आपराधिक इतिहास:

अभियुक्त सनी के विरुद्ध इस मामले के अलावा कोई अन्य आपराधिक इतिहास प्रकाश में नहीं आया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम:

इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कांस्टेबल मनीष एवं कांस्टेबल वीरेन्द्र की अहम भूमिका रही।

पुलिस द्वारा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।