फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अप्रैल 2026 को अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दहेलिया स्थित अमृत सरोवर के पास भैरव मंदिर परिसर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सलेमपुर मंडल अध्यक्ष लालू राजपूत ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम, जिला मंत्री पंकज पाल, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य वक्ता लाखन सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक महामानव थे, जिन्होंने गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित समाज को न्याय दिलाने के लिए भारतीय संविधान की रचना की। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही आगे बढ़ेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने डॉ. अंबेडकर को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए उनसे जुड़े स्थलों को ‘पंच तीर्थ’ के रूप में विकसित किया।
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा केवल डॉ. अंबेडकर के नाम पर राजनीति करती हैं, जबकि भाजपा उनकी विचारधारा पर चलकर समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि यह महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय और स्वतंत्रता पर आधारित हैं। उन्होंने जाति व्यवस्था, छुआछूत और महिलाओं के उत्पीड़न का विरोध करते हुए समाज में समानता स्थापित करने का कार्य किया।
जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम ने शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का मानना था कि शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर सकता है। वहीं पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य ने कहा कि डॉ. अंबेडकर महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा विष्णु लाल जाटव, मंडल मंत्री परमजीत कौर, महेश गौतम, विश्व प्रताप सिंह, चीनू, रमेश सोमवंशी, संजीव अग्निहोत्री, विनीत राठौर, संदीप तिवारी, रामतीर्थ कुशवाहा, पूरन कुशवाहा, धर्मेंद्र सोमवंशी, पिंटू सोमवंशी, जितेंद्र सिंह, विकास सिंह, गिरीश चंद्र त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
